यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाल जसवंत सिंह व लूट के पीड़ित मेरापुर थाने के गांव अचरिया निवासी शैलेंद्र सिंह की बातचीत का ऑडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। इसमें लुटेरों को पकड़ने के बाद छोड़ने का भी आरोप लगाया है।
शैलेंद्र ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि वह अपनी बेटी लवी के साथ बाइक से 14 जून को रिश्तेदारी बरझाला जा रहा था। टेड़ीकोन के पास एक बाइक सवार तीन बदमाश बेटी के कंधे पर टंगे बैग को लूटकर भाग गए थे। बैग में 2.30 लाख रुपये के जेवरात व मोबाइल आदि था। इसकी शिकायत उसने कायमगंज कोतवाली में की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद उसने दस जुलाई को पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
इस बीच कायमगंज कोतवाली पुलिस ने तीन लुटेरों को पकड़ा। उन्हें उसने कोतवाली जाकर पहचान लिया। तब कोतवाल ने लुटेरों के परिजनों से बात कर कहा कि पचास हजार रुपये उसे दिला देंगे, वह रिपोर्ट दर्ज न कराए। बाद में कोतवाल ने शैलेंद्र से कहा एक लाख में तुम मामला निपटा लो, रिपोर्ट लिखाने से कोई फायदा नहीं होगा। लुटेरों से रुपये दिलाने के लिए आठ दिन का कोतवाल ने समय मांगा। इसबीच लुटेरों को भी छोड़ दिया और आठ दिन गुजर जाने के बाद शैलेंद्र को रुपये नहीं मिले।