इटावा पुलिस ने भरथना क्षेत्र के मुड़ैना गांव में 10 दिन पहले हुई 12 वर्षीय छात्र आशु की हत्या के कारणों का खुलासा कर दिया है। बालक, गांव के युवक-युवती के अवैध संबंध का राज जान गया था। इसी से युवक ने पड़ोसी गांव के व्यक्ति से एक लाख में सौदा कर बच्चे को मरवा डाला। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है। अब पुलिस को हत्या कराने वाले की तलाश है।
13 सितंबर को मुड़ैना ग्राम पंचायत के महेंद्र सिंह का 12 वर्षीय पुत्र आशू घर से किताब लेने के लिए निकला था। शाम को गांव के पास बाग में उसका शव मिला था। भाई वीरेश ने इसी ग्राम पंचायत व इसके मजरों में रहने वाले सत्यवीर, प्रदीप, हरगोविंद, हरप्रसाद, हरमोहन एवं इंद्रेश के खिलाफ पुरानी रंजिश में हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच में मामला पुरानी रंजिश का न होकर अवैध संबंध का निकला। सुराग मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार शाम हत्या के आरोपी हरगोविंद को मल्हौसी पुल पर धर दबोचा। हरगोविंद इसी ग्राम पंचायत के मजरे अहिकारपुर का रहने वाला है। पूछताछ में उसने हत्या का राज उगल दिया।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि आशू ने सत्यवीर को गांव की ही एक लड़की के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। सत्यवीर को डर था कि आशू यह राज खोल देगा। इसी से उसने हरगोविंद को एक लाख रुपये देने का वादा कर उससे आशू की हत्या करा दी।
आशू 13 सितंबर को किताब लेने के लिए निकला तो रास्ते में हरगोविंद ने उसे दबोच लिया और बाग में ले जाकर फावड़े से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। एसएसपी के मुताबिक मुख्य आरोपी सत्यवीर की तलाश की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।