कानपुर में शहरी विकास मंत्रालय ने मंगलवार को स्वच्छता सर्वेक्षण की दूसरी तिमाही की रिपोर्ट जारी की है। इसमें शहर स्वच्छता के मामले में देश में 15वां और प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है। लगातार बढ़ता प्रदूषण, गंदगी और कूड़ा निस्तारण प्लांट बंद होने की वजह से शहर राष्ट्रीय स्तर पर की गई रैंकिंग में टॉप-10 में जगह नहीं बना पा रहा है।
रैंकिंग में प्रयागराज और वाराणसी तो कानपुर से आगे हैं, लेकिन लखनऊ पिछड़ गया है। स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत जारी रिपोर्ट के अनुसार कानपुर को 1187.60 अंक मिले हैं। इन अंकों के साथ अपने शहर को तीसरे नंबर से संतोष करना पड़ रहा है, जबकि 1308.20 अंकों के साथ प्रयागराज यूपी में टॉप पर है, हालांकि देश में वह नवें स्थान पर है।