कानपुर में होगा दुनिया के सबसे छोटे गुरुग्रंथ साहिब का आगमन
- फोटो : अमर उजाला
गुरु नानक देव महाराज का 550वां प्रकाश पर्व देशभर में 11 व 12 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर की ओर से 26 व 27 मई को गोवा में गुरुद्वारा बातिम में बैठक की जाएगी। इसमें हैदराबाद से आने वाले जत्थे का रूट तय होगा। बैठक में नौ राज्यों के गुरुद्वारों के समन्वयक शामिल होंगे। इसमें यूपी से कानपुर और इलाहाबाद के समन्वयकों को आमंत्रित किया गया है। श्रीगुरु सिंह सभा लाटूश रोड कानपुर के प्रधान हरविंदर सिंह लार्ड और श्रीगुरु सिंह सभा इलाहाबाद के प्रधान जोगिंदर शामिल हाेंगे।
बैठक में अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के लोंगोवाल के अलावा गोवा के राज्यपाल भी रहेंगे। इसमें गुरुनानक देव महाराज के गुरुद्वारा बीदर साहिब हैदराबाद से नगर कीर्तन का रूट तय किया जाएगा। यह नगर कीर्तन 29 व 30 जून को कानपुर पहुंचेगा। इसमें 50 लोगों का जत्था पालकी साहब, दुनिया का सबसे छोटा हस्त लिखित श्रीगुरु ग्रंथ साहिब, प्रचार सामग्री आदि लेकर चलेगा जो कई राज्यों से होता हुए वापस हैदराबाद जाएगा।
इसमें 14 गुणा 20 की पालकी है और उसके लिए गाड़ी तैयार की गई है। यह पहला मौका होगा जब गुरुनानक देव महाराज का प्रकाश पर्व भारत में एक साथ मनाया जाएगा और देशभर में नगर कीर्तन निकाला जाएगा। गुरु गोबिंद सिंह महाराज के 350वें प्रकाश पर्व पर भी नगर कीर्तन निकाला गया था। इसमें गुरु गोबिंद सिंह महाराज के शस्त्र भी साथ चले थे जिनके दर्शन कर संगत निहाल हुई थी।