कानपुर। कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में ऑटोनॉमस व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद की जांच के बीच डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि (एकेटीयू) ने बुधवार को केआईटी के निदेशक प्रो. ब्रजेश वार्ष्णेय को तलब किया।
विवि प्रशासन का कहना है कि संस्थान की ओर से कई अहम दस्तावेज समय पर प्रस्तुत नहीं किए गए। इसी कारण निदेशक को विवि बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, वाराणसी में काशी इंस्टीट्यूट टेक्नोलॉजी में भी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच के लिए एकेटीयू की टीम गुरुवार को वाराणसी जाएगी।
एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि वाराणसी स्थित केआईटी से जुड़े संस्थानों के छात्र भी इस स्थिति से प्रभावित हैं और उनकी शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय स्तर पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केआईटी मामले में जो भी फैसला होगा वह जांच रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा। इसी रिपोर्ट पर छात्रों के भविष्य को लेकर निर्णय होगा। फिलहाल संस्थान ने छात्रों को फीस वापसी का विकल्प दिया है लेकिन छात्र इससे संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि फीस तो वापस मिल सकती है, लेकिन उनका एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद होने की भरपाई कौन करेगा।
दरअसल केआईटी में काफी समय से ऑटोनॉमस स्टेटस को लेकर विवाद चल रहा है। संस्थान को यूजीसी से 10 वर्षों के लिए एकेडमिक ऑटोनॉमस का अनुमोदन मिला था जिसके तहत वह अपने पाठ्यक्रम तैयार कर सकता है और स्वयं परीक्षा व परिणाम घोषित कर सकता है, जबकि डिग्री विश्वविद्यालय द्वारा दी जाती है। नियमों के अनुसार, यूजीसी से ऑटोनॉमस अनुमोदन मिलने के बाद संबंधित विश्वविद्यालय से एनओसी लेना अनिवार्य होता है लेकिन केआईटी इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर सका।
वर्ष 2024-25 में केआईटी ने बिना एकेटीयू की एनओसी के ऑटोनॉमस संस्थान के रूप में दाखिले लिए और परीक्षा पैटर्न में भी बदलाव किया। प्रैक्टिकल 70 और थ्योरी 30 अंकों की परीक्षा कराई गई, जबकि एकेटीयू में इसका उलटा पैटर्न लागू है। हकीकत पता चलने के बाद छात्र अपना भविष्य खतरे में देखकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
वहीं बनारस में स्थापित केआईटी में भी ऐसा मामला देखने को मिला है। पहले बताया कि जा रहा था कि यह कानपुर केआईटी का ही दूसरा संस्थान है लेकिन निदेशक डॉ. ब्रजेश वार्ष्णेय ने इससे इंकार किया है। उनका कहना है कि वाराणसी का संस्थान बिल्कुल अलग है। डॉ. ब्रजेश ने कहा कि कुछ दस्तावेजों के साथ एकेटीयू वीसी ने उन्हें विवि बुलाया था।