राजपुर। शाहजहांपुर-गौरीकरन मार्ग पर रविवार शाम को तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार भट्टा मजदूर को टक्कर मार दी। इससे मजदूर बाइक सहित खड्ड में गिरकर गंभीर घायल हो गया। राहगीरों की जानकारी पर पहुंचा साथी मजदूर उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गया। वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
मौदहा जनपद के परचट निवासी बाबू (25) पुत्र चौधरी शाहजहांपुर- गौरीकरन मार्ग स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। रविवार शाम को वह बाइक से सब्जी लेने के लिए बाजार जाने के लिए निकला था। भट्टे से एक किलोमीटर दूर पहुंचने पर तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह बाइक सहित खड्ड में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे साथी मजदूर अनीश खान उसको उपचार के लिए राजपुर पीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर शिवकुमार ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉ. निशांत पाठक ने उसको मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। जानकारी कराई जा रही है।