साहब...बेटे से डेढ़ साल से परेशान था, इसलिए गुस्से में इकलौते बेटे की हत्या कर दी। बेटे की आए दिन की नशेबाजी और मारपीट से पूरा परिवार आजिज था। बहू भी इसी से तंग आकर मायके चली गई थी। यह बात चकेरी में बेटे की चार्जर केबल से गला कसकर हत्या करने के आरोपी पिता ने पुलिस की पूछताछ में कही। उसे खुद के किए पर पछतावा था।
पुलिस ने मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। इलाके के संजीवनगर द्वितीय निवासी प्रदीप निषाद (25) की रविवार रात को उसके पिता गणेश निषाद ने टीवी पर विश्वकप का फाइनल मैच देखने में खलल डालने पर हत्या कर दी थी।
चकेरी पुलिस ने दीपक की हत्या की रिपोर्ट दर्जकर हत्यारोपी पिता गणेश को वारदात के कुछ घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। जेल भेजने से पहले पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि मैच देखने के दौरान टीवी बंद करने को लेकर हुआ विवाद त्वरित था।
इसके पहले से ही वह व उसका पूरा परिवार बेटे की हरकतों से आजिज था। कहा संपत्ति हड़पने के लिए दीपक अक्सर उससे व अपनी मां के साथ नशे में गालीगलौज और मारपीट करता था। पिटाई से अंगुली तक टूट चुकी थी। भाई दूज पर दीपक ने अपनी मां सुनीता को पीटा था तो वह भी अपने मायके चली गई थी।