यूपी में अपराधी कितने बेखौफ हैं इसकी एक बानगी सूबे के बांदा जिले में देखने को मिली। देर रात तीन से चार की संख्या में असलहों से लैस बदमाशों ने टाइल्स कारोबारी के कारखाने पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने असलहे की नोक पर कारोबारी नीलू सेंगर का अपहरण कर लिया। देर रात अपहरण की सूचना मिलते ही जिले में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने इस वारदात की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। बदमाश कौन थे उनका हुलिया कैसा था ऐसे तमाम बिंदुओं पर पुलिस पूछताछ कर रही है।
जिले के अतर्रा निवासी नीलू सेंगर टाइल्स कारोबारी हैं। वह रात करीब 11 बजेे सरकिट हाउस के पास स्थित कारखाने में गए थे। अचानक एक इनोवा कार आकर रुकी। कार सवार तीन से चार असलहाधारी बदमाशों ने कारखाने में धावा बोल दिया। नीलू को असलहे की नोक पर कार में बैठा कर बदमाश फरार हो गए। देर रात इस वारदात से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँच कर पूछताछ कर रहे हैं। जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी की गई।