कानपुर। ऊर्जा मंत्रालय ने वर्ष 2024-25 की कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम (सीएसआरडी) जारी की है। इसमें केस्को को ओवरऑल ए रेटिंग मिली है। पिछले वर्ष की तुलना में दो प्रमुख मानकों पर केस्को की रेटिंग में वृद्धि हुई है। यह रेटिंग कंपनी के उपभोक्ता सेवाओं में सुधार की वजह से मिली है। पिछली बार भी एक रेटिंग मिली थी।
सीएसआरडी रेटिंग की गणना परिचालन विश्वसनीयता, कनेक्शन और अन्य सेवाएं, मीटरिंग, बिलिंग और संग्रह, शिकायत निवारण मानकों के आधार पर की जाती है। वर्ष 2024-25 के लिए केस्को को ओवरऑल ए रेटिंग दी गई है। कंपनी ने परिचालन विश्वसनीयता में ए प्लस रेटिंग हासिल की है। इसी तरह, कनेक्शन और अन्य सेवाओं के क्षेत्र में भी बी प्लस से ए प्लस रेटिंग हासिल की है। इसके अलावा, मीटरिंग, बिलिंग और संग्रह में केस्को को बी प्लस रेटिंग जबकि शिकायत निवारण में ए प्लस रेटिंग दी गई है। मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि ए प्लस रेटिंग से कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिलेगा।