ग्रामीण क्षेत्रों में लिया जाएगा शटडाउन
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से भी अनुरक्षण माह का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत भौंती, सचेंडी, किसाननगर, मंधना, चौबेपुर औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में भी कई कार्य होंगे। यहां पर कई घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान उपकरणों की मरम्मत होगी। कहीं, अगर कोई तकनीकी दिक्कत है तो उसको भी दूर किया जाएगा।
आरडीएसएस के कार्यों के लिए कम किया शटडाउन
केस्को के अधिकारियों का दावा है कि त्योहारों को देखते हुए आरडीएसएस के कार्यों के लिए शटडाउन की अवधि को कम कर दिया गया है। छोटे-छोटे क्षेत्रों में कार्य कराए जाएंगे, जिससे कम से कम उपभोक्ता प्रभावित हो सकें। बड़े शटडाउन वाले कार्य त्योहारों के बाद कराए जाएंगे।
शहर के थोक व फुटकर बाजार
नयागंज सराफा, किराना बाजार, जनरलगंज, कलक्टरगंज, नौघड़ा, काहूकोठी, मनीराम बगिया, हालसी रोड, एक्सप्रेस रोड, कैनाल पटरी, हूलागंज, बादशाहीनाका, मेस्टनरोड, नवीन मार्केट, परेड, माल रोड, पी-रोड, सीसामऊ, किदवईनगर, गोविंदनगर, कल्याणपुर, आवास विकास, लाल बंगला, गुमटी नंबर पांच, बर्रा-दो, कर्रही, नौबस्ता, किदवईनगर 40 दुकान, बाकरगंज, शिवाला, बिरहाना रोड, स्वरूपनगर, आर्यनगर, 80-फीट रोड, शास्त्रीनगर, अर्मापुर बाजार, पनकी, विश्व बैंक बर्रा, यशोदानगर, गुजैनी, दबौली।
यूपीपीसीएल के निर्देश पर हर वर्ष इसी समय अनुरक्षण माह का आयोजन किया जाता है। आरडीएसएस और बिजनेस प्लान के कार्यों के लिए शटडाउन की अवधि पहले ही कम कर दी गई है। 10, 11 और 12 अक्तूबर को कोई शटडाउन नहीं लिया जाएगा। अनुरक्षण माह के दौरान ध्यान रखा जा रहा है कि शटडाउन का समय लंबा न रहे। -श्रीकांत रंगीला, मीडिया प्रभारी केस्को
अनुरक्षण माह के दौरान सभी तरह के उपकरणों की जांच होती है, जहां आवश्यकता रहती है, उनकी सर्विसिंग की जाती है। इसमें फीडर, ट्रांसफार्मर, पोल, केबल, पेड़ों की टहनियों की छंटाई, वीसीबी, आरएमयू, सब स्टेशन आदि शामिल हैं। सर्विसिंग से दीपावली और उसके बाद बेहतर सप्लाई मिल सकेगी। -एके सिंह, जोनल मुख्य अभियंता, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड
ऑनलाइन व्यापार ने सब ठप कर रखा है। अब बाजारों में त्योहार से रौनक लौटने की उम्मीद होती है। कटौती से दुकानदार परेशान होंगे और लागत बढ़ेगी। यह नहीं होना चाहिए। उल्टा त्योहार में निर्बाध बिजली आपूर्ति देनी चाहिए। कटौती का विरोध किया जाएगा। -अभिमन्यु गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष, प्रांतीय व्यापार मंडल
यूपीपीसीएल के निर्देश पर 15 अक्तूबर से मेंटीनेंस माह का आयोजन प्रस्तावित है, लेकिन केस्को का पूरा सिस्टम बदलने जा रहा है, जिसकी तैयारियों के लिए 15 दिन पहले ही इसको लागू किया गया है। गर्मी और बारिश से कई सिस्टम प्रभावित हो गए हैं। उनकी सर्विसिंग के लिए इमरजेंसी शटडाउन लेकर कार्य कराए जा रहे हैं। नवरात्र में पूजन आदि कार्यों को देखते हुए सुबह 10 से शाम चार साढ़े चार बजे तक ही शटडाउन लिए जाएंगे। फॉल्ट को रोकने के लिए यह अत्यधिक जरूरी है। -सैमुअल पॉल एन, एमडी केस्को
आज यहां कई घंटे गुल रहेगी बिजली
कानपुर। केस्को की ओर से आरडीएसएस स्कीम के अंतर्गत शनिवार को कई कार्य कराए जाएंगे, जिसके लिए कई घंटे का शटडाउन रहेगा। आलूमंडी खंड के अफीम कोठी सब स्टेशन के अंतर्गत मंजूश्री फीडर पर सुबह 10 से शाम चार बजे, नवाबगंज डिवीजन के कंपनी बाग सब स्टेशन के कमला रिट्रीट फीडर पर सुबह 10 से शाम पांच बजे, गोविंदनगर डिवीजन के ई ब्लॉक सब स्टेशन के न्यू गुजैनी फीडर पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। इसी तरह, पराग डेयरी डिवीजन के साकेतनगर फीडर पर सुबह 9:30 से शाम छह बजे, जाजमऊ के मोतीनगर फीडर पर सुबह 10 से शाम पांच बजे, हैरिसगंज डिवीजन के एयरपोर्ट गेट फीडर पर सुबह 10 से शाम पांच बजे, सर्वाेदयनगर डिवीजन के गुरुदेव फीडर पर सुबह 9:30 से शाम 4:30 बजे, विकासनगर डिवीजन के विश्वविद्यालय सब स्टेशन के त्रिपाठी फीडर पर सुबह 10 से शाम 5:30 बजे, सिंहपुर सब स्टेशन के चिंटल फीडर पर सुबह 10 से शाम 5:30 बजे, कल्याणपुर के बारा सिरोही सब स्टेशन के माधवपुरम फीडर पर सुबह 10 से शाम 5:30 बजे तक शटडाउन रहेगा।