कानपुर। बीसीसीआई के कंसल्टेंट व ग्रीनपार्क स्टेडियम के मुख्य पिच क्यूरेटर शिव कुमार के निधन के बाद उनके परिवार की आर्थिक सहायता के लिए कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) ने पहला कदम बढ़ाया है। केसीए के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने शिव कुमार के परिवार को एक लाख रुपये की सहायता राशि देने के साथ ही हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से भी जल्द आर्थिक मदद की घोषणा किए जाने की संभावना है।
शिव कुमार का पिछले दिनों ग्रीन पार्क स्टेडियम में पिच निर्माण कार्य के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। बाद में यह जानकारी सामने आई कि उनकी पत्नी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए पुणे के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जिसके कारण वह पति के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो सकीं। दुखद स्थिति को देखते हुए यूपीसीए, केसीए तथा शहर के विभिन्न खेल संघों और खेल प्रेमियों की ओर से उनके परिवार की सहायता के लिए हाथ बढ़ाए जा रहे हैं। पिच क्यूरेटर के रूप में शिव कुमार ने वर्षों तक शहर की क्रिकेट प्रतिभाओं को संवारने में अहम भूमिका निभाई और कई खिलाड़ियों की आर्थिक मदद भी की।
मीडिया गेट का नाम स्वर्गीय शिव कुमार गेट रखने की मांग
शिव कुमार के निधन के बाद शहर के खेल प्रेमियों ने मांग की है कि ग्रीन पार्क स्टेडियम के मीडिया गेट का नाम उनके सम्मान में स्वर्गीय शिव कुमार गेट रखा जाए। उम्मीद जताई जा रही है कि उनकी स्मृति को स्थायी रूप से जीवंत रखने के लिए जल्द ही उनके नाम पर एक गेट और गैलरी का नामकरण किया जा सकता है।