कानपुर। 33 केवी की लाइन के इंसुलेटर में खराबी से कौशलपुरी में शुक्रवार को साढ़े 10 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह 11:30 बजे कई बिजली शाम 5:30 बजे आई और आधे घंटे बाद फिर चली गई। इसके बाद रात 10:30 बजे आपूर्ति बहाल हुई। इसके अलावा, करीब आधा दर्जन सब स्टेशनों से भी बिजली आपूर्ति ठप रही। पनकी ग्रिड से आई 33 केवी की लाइन में शुक्रवार को फॉल्ट की वजह से कालपी रोड, दर्शनपुरवा, फजलगंज, गुमटी नंबर-5 सहित आसपास के इलाकों में आपूर्ति ठप रही। कालपी रोड व गिरधर कोल्ड स्टोरेज उपकेंद्र 33 केवी जी-2 पोषक की आपूर्ति इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने से दोपहर 01:55 से 04:04 बजे तक ठप रही। वहीं, साकेतनगर, बर्रा के कुछ इलाकों, चमनगंज और नवाबगंज में भी फॉल्ट हुए। कोयलानगर में ट्रिपिंग की वजह से तीन घंटे बिजली गुल रही।
बिजली गुल होने से कौशलपुरी, गुमटी, फजलगंज व अन्य प्रभावित इलाकों के लोग पानी के लिए भी परेशान रहे। टंकियां खाली हो गईं और बिजली न होने से पानी नहीं भर सका। कई जगह इनवर्टर भी दगा दे गए। लोगों के मोबाइल नहीं चार्ज हो सके।