कानपुर। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम को कर्नाटक ने 75 रन से हराया। मेरठ के विक्टोरिया क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में कर्नाटक के 269 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम बुधवार को 69 ओवर में मात्र 193 रन पर सिमट गई। यूपी की ओर से कानपुर के आदर्श सिंह ने सर्वाधिक 62 रनों की पारी खेली।
चार दिवसीय मैच के अंतिम दिन उप्र की टीम ने तीन विकेट पर 92 रन से आगे खेलना शुरू किया। आदर्श सिंह ने दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिलने के बावजूद 174 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रन जोड़े।
उनके अलावा रितुराज शर्मा ने 37 और मोहम्मद अमान ने 22 रन जोड़े। कप्तान समीर रिजवी 13, अक्षय दुबे 12 और शुभम मिश्रा 10 रन बनाकर चलते बने। लगातार विकेट गिरने से पूरी यूपी टीम 193 रन पर सिमट गई। कर्नाटक की ओर से ध्रुव प्रभाकर और हार्दिक राज ने तीन-तीन, शशि कुमार ने दो, धनुष और सुमित द्रविड़ ने एक-एक विकेट लिया।
इस जीत के साथ कर्नाटक एलीट ग्रुप-डी में एक जीत और एक ड्रा के साथ 23 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। एक जीत और एक हार के साथ उत्तर प्रदेश 16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गया है।