सार
Kanpur News: कानपुर मंडल में केवाईसी सत्यापन के दौरान 3,392 ऐसी विधवाएं मिलीं हैं, जो इनकम टैक्स भरने के साथ ही सरकारी पेंशन ले रही हैं। निदेशालय ने इन सभी अपात्रों का नाम सूची से हटाने के निर्देश दिए हैं।
- केस वन- कृष्णा बिहार की रहने वाली सुमन देवी इनकम टैक्स भरने के साथ ही विधवा पेंशन का लाभ भी ले रही हैं।
- केस दो- केशवपुरम, रावतपुर की रहने वाली नीलम दीक्षित इनटैक्स देने के साथ ही विधवा पेंशन का लाभ उठा रही हैं।
टैक्सपेयर महिलाएं ले रही थीं विधवा पेंशन
- फोटो : amar ujala
कानपुर में गरीब और बेसहारा विधवा महिलाओं के लिए शुरू की गई पेंशन योजना में फैमिली आईडी और केवाईसी सत्यापन के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मंडल की 3,392 विधवा महिलाएं इनकम टैक्स देने के साथ ही विधवा पेंशन का लाभ उठा रही हैं। इसमें कानपुर की 1818 महिलाएं हैं। मामला उजागर होने के बाद महिला कल्याण निदेशालय ने मंडल के सभी जिलों के जिला प्रोबेशन अधिकारियों (डीपीओ) को लाभार्थियों की सूची भेजकर तत्काल सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
गरीब विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रोबेशन विभाग की ओर से प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 1000 रुपये प्रति माह, यानी हर तिमाही 3000 रुपये की सहायता राशि सीधे खाते में दी जाती है। कानपुर जिले में 68 हजार से अधिक विधवाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। बीते डेढ़ साल से योजना से जुड़े सभी लाभार्थियों का केवाईसी अपडेट और फैमिली आईडी जनरेशन का कार्य चल रहा है। इसी प्रक्रिया में प्रदेश भर में खेल पकड़ में आया। जांच में सामने आया कि प्रदेश में कुल 44,227 महिलाएं ऐसी हैं जो इनकम टैक्स भरने के साथ ही विधवा पेंशन ले रही हैं।