पनकी थानाक्षेत्र में शुक्रवार को घर में साफ-सफाई के दौरान फर्राटे में उतरे करंट में चिपककर महिला की मौत हो गई। पड़ोसियों ने हादसे की जानकारी पति और पुलिस को दी। महिला को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पनकी के पतरसा निवासी राजनारायण पीपीएन मार्केट की एक कपड़े की दुकान और बेटा अर्पित एक फैक्टरी में काम करता है। पत्नी ललिता देवी (49) गृहिणी थीं। राजनारायण ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह और बेटा ड्यूटी पर गए थे। पत्नी घर में साफ-सफाई में जुट गई। इसी दौरान वहां चल रहे फर्राटा पंखे में हाथ पड़ गया जिससे वह करंट में चिपक गईं। करंट की चपेट में आने से शोर मचने पर पड़ोसी दौड़े। उन लोगों ने पति और पुलिस को फोन पर घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने ललिता को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।