महाराजपुर थानाक्षेत्र में जेठ का अपनी पत्नी से विवाद के बाद चल रहे मुकदमे में कोर्ट से कुर्की का नोटिस आने के बाद दहशत में आई छोटे भाई की पत्नी ने फंदे पर लटककर जान दे दी। परिजनों के अनुसार महिला को कानूनी कार्रवाई के तहत अपना आसरा छिनने का दिल में डर बैठ गया था। जिसके बाद वह तनाव में रहने लगी थीं।
महाराजपुर के चांदनपुर ड्योढ़ी घाट निवासी नंदकिशोर के अनुसार परिवार में पत्नी राजेश्वरी व चार बेटे अनिल, अजय, रिंकू और सनी हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में अनिल की शादी फतेहपुर के थाना बकेवर के गांव कंसाही निवासी रीना देवी के साथ हुई थी। बताया कि वर्ष 2019 में बहू का पेट का बड़ा ऑपरेशन हुआ। डिलीवरी के दौरान हालत गंभीर होने पर ससुरालीजनों ने बवाल कर दिया। आरोप है, कि बहू ने बकेवर में बेटे अनिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी, जिसका बाद मुकदमा चल रहा है। पिता के अनुसार छोटे बेटे अजय की 23 मार्च 2019 को रंजना देवी 25 के साथ शादी की गई।
जिससे उनके आठ माह का बेटा है। अजय ने बताया कि बड़े भाई अनिल के मुकदमे के मामले में 27 अप्रैल को कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस कुर्की की नोटिस घर पर चस्पा करने पहुंची थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिसकर्मी ने गृहस्थी का सामान जब्त किए जाने को कहा था। इसके बाद से ही सिर से रहने का आसरा छिन जाने के दहशत में पत्नी रंजना काफी तनाव में थी। वह पिछले एक सप्ताह से रोज इस बात को लेकर बात कर रही थी। दो मई को उसने फंदे पर लटककर जान देने की कोशिश की। समय रहते उसे फंदे से उतारकर चकेरी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर चार मई को हैलट रेफर कर दिया गया। यहां पांच मई की देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महाराजपुर प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। परिजन जो भी आरोप लगा रहे हैं, उसकी जांच कराई जाएगी।