बारादेवी मंदिर में दर्शन कर स्कूटी से घर लौट रहे रक्षा मंत्रालय कर्मी की पत्नी सीमा (42) की रविवार देर रात टाटमिल के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे दंपति सड़क पर गिर गए। इस दौरान चालक ने ट्रक आगे बढ़ाते हुए सीमा को कुचल दिया और वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे में उनके पति हेमंत कुमार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बाबूपुरवा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।
चकेरी क्षेत्र के आनंद नगर जुगई पुरवा निवासी हेमंत कुमार रक्षा मंत्रालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। रविवार को वह पत्नी सीमा के साथ बारादेवी मंदिर में दर्शन करने गए थे। रात करीब 11 बजे दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। टाटमिल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दंपति सड़क पर गिर पड़े। हेमंत संभल पाते, इससे पहले ही चालक ने ट्रक आगे बढ़ाया और सीमा को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमंत को भी चोटें आईं।