कानपुर में बादल, धुंध और बिना धूप वाले मौसम से अब राहत मिल सकती है। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार अगले दस दिनों तक अब खिली-खिली धूप निकलेगी। उत्तर पश्चिमी हवाओं की वजह से हल्की ठंड जरूर होगी, लेकिन दिन का पारा बढ़ जाएगा।
रात में तापमान तेजी से नीचे जाने की संभावना है। इस बीच बुधवार को दोपहर बाद धूप निकलने से अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 17.7 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसमें .8 डिग्री की कमी आई। मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि मौसम अब साफ हो गया है।
देर रात से तड़के तक कोहरे का असर हो सकता है। रात के समय शीत पड़ने से ठंड में तेजी आएगी। दिन में मौसम अच्छा रहेगा। ऐसे में रात के समय पाला पड़ने से आलू, मटर जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। इसे बचाने के लिए इन पर राख का छिड़काव भी किया जा सकता है।