कानपुर में मौसम अभी अगले 48 घंटे तक बारिश वाला बना रहेगा। इस बीच शुक्रवार को सुबह से लेकर देर शाम तक कुल सात मिमी बरसात रिकार्ड की गई। इस बीच अधिकतम तापमान एक डिग्री लुढ़ककर 32.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रात का तापमान एक दिन पहले की तरह 23 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है।
विज्ञापन
हवा में अधिकतम नमी 85 और न्यूनतम 75 प्रतिशत रही। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग प्रमुख डा. एसएन पांडेय के अनुसार बारिश के बाद फिर से तपिश शुरू हो सकती है। उन्होंने बताया कि औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ जैसलमेर, उदयपुर, रायसेन, उमरिया आदि से होकर गुजर रही है।
यह पूर्व में दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की पूर्वोत्तर खाड़ी तक जाती है। ये औसत समुद्र तल से 2.1 किलोमीटर ऊपर तक फैली हुई है। दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश और आस-पास के क्षेत्रों पर चक्रवाती हवाएं अब मध्य प्रदेश और आस-पास के क्षेत्रों पर स्थित है, जो समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
बारिश का अलर्ट, ये जिले हैं शामिल
कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, हमीरपुर, महोबा,फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, हरदोई समेत अन्य जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, इटावा और फर्रुखाबाद में मध्यम बारिश को लेकर अलर्ट है।