वीआईपी रोड, जूही खलवा पुल में जलभराव
रविवार को तेज बारिश से घंटों जनजीवन प्रभावित रहा। जूही खलवा पुल में आवागमन ठप हो गया। वीआईपी रोड, गोविंदनगर, निरालानगर, किदवईनगर सहित 25 से ज्यादा मोहल्लों में जलभराव से आवागमन घंटों प्रभावित रहा। पनकी स्थित अस्थायी गोवंश संरक्षण केंद्र में भरा पानी निकालने के लिए डीवाटरिंग पंप लगाया गया।
फाटक बंद करने का राहगीरों ने किया विरोध
शाम को तेज बारिश के दौरान जूही खलवा पुल में पानी भरता देख नगर निगम कर्मी वहां से अफीमकोठी की तरफ और मिलिट्री कैंप चौकी रोड की तरफ लगे फाटक बंद करने लगे, तो राहगीर इसका विरोध करने लगे। बार-बार लोगों को जबरन पुल में घुसने की कोशिश करते देख हादसे की आशंका में कर्मियों ने वरिष्ठ अफसरों को सूचना दी।
25 से ज्यादा मोहल्लों में आवागमन हुआ प्रभावित
अपर नगर आयुक्त (प्रथम) प्रतिपाल सिंह चौहान ने एसीपी से कहकर वहां पुलिस कर्मी भेजकर रास्ता बंद कराया। सीसामऊ नाला उफनाने से वीआईपी रोड में रिवर साइट पावर हाउस के सामने से एल्गिन मिल तक, ग्वालटोली, खलासीलाइन में घरों तक में गंदा पानी घुस गया। नवीन मार्केट, पीपीएन मार्केट, साइकिल मार्केट, जरीबचौकी चौराहे से पीरोड में लेनिन पार्क चौराहा, मोतीझील परिसर, अशोकनगर, गोविंदनगर, निरालानगर, साकेतनगर, किदवईनगर, जरौली, कर्रही, रविदासपुरम, बेगमपुरवा, पनकी सी-ब्लाक, गंगागंज, बर्रा, विश्वबैंक कालोनी, दामोदरनगर आदि क्षेत्रों में जलभराव से आवागमन घंटों प्रभावित रहा।