कानपुर में नई सड़क पर हुए बवाल में कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये माहौल बिगाड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भड़काऊ पोस्ट कर लोगों को उकसाया गया। एसआईटी ने ऐसे आठ लोगों के एकाउंट चिह्नित किए हैं। इनके खिलाफ कोतवाली में आईटी एक्ट व धार्मिक भावनाएं आहत करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
साइबर सेल प्रकरण की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक ये अराजकतत्व शहर के ही हैं। जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़की थी। पांच घंटे तक पथराव-बवाल चला था। लोगों को भड़काने का काम सोशल मीडिया से किया गया। तमाम भड़काऊ पोस्ट किए गए। बाद में वह व्हाट्सएप ग्रुपों पर भी वायरल हुए।
रविवार को सोशल मीडिया की गतिविधियों की जांच करने के लिए एसीपी कैंट मृगांक शेखर पाठक के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी ने जांच की तो इस तरह के पोस्ट करने वाले आठ हैंडलर चिह्नित किए। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि इन हैंडल के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।