कानपुर में पिछले जुमे पर हुए बवाल के बाद पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार रूट मार्च जारी है। पुलिस प्रशासन के अफसर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। जुमे पर शुक्रवार को किस तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, इस पर पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर आपका (शहरवासियों का) है। भाईचारा बनाए रखना हर एक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट न करें
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है। वहीं, जो भी अराजक तत्व आपत्तिजनक विवादित पोस्ट कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जा रही है। सीपी ने अपील की कि सोशल मीडिया पर इस तरह के पोस्ट बिल्कुल भी न करें। इस तरह के पोस्ट कर माहौल बिगाड़ने का जो भी काम करेगा, उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।