नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में कानपुर में हुई हिंसा के मामले में जेल भेजे गए पांच आरोपियों ने कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई है। इनमें बाबूपुरवा के चार व यतीमखाना हिंसा का एक आरोपी है। अर्जी पर सुनवाई सोमवार या मंगलवार को हो सकती है।
20 और 21 दिसंबर को बाबूपुरवा और यतीमखाना में हिंसा हुई थी। हिंसा में गोली लगने से तीन प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई थी और दस घायल हो गए थे। दोनों जगह हुई हिंसा के मामले में दस आरोपी जेल में हैं।
कानपुर में हिंसा की तस्वीरें
- फोटो : अमर उजाला
इनमें से बाबूपुरवा हिंसा के आरोपी परवेज आलम, शहजाद आलम, आदिल व मुस्तकीम और यतीमखाना हिंसा के आरोपी मोहम्मद ताहिर उर्फ मोहसिन ने कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी लगाई है। एसआईटी के विवेचक बाबूपुरवा इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि इन आरोपियों के वीडियो व फोटो उपलब्ध हैं, जो साक्ष्य के तौर पर कोर्ट मे पेश किये जाएंगे।
फरार आरोपियों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू की तैयारी
इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि कोर्ट से गुहार लगाई जाएगी कि फरार आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया जाए। इसके बाद कार्रवाई शुरू होगी।
कर्नलगंज पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
कर्नलगंज पुलिस ने भी हिंसा के मामले में गंभीर धाराओं में एक एफआईआर दर्ज की थी। इसकी जांच कर्नलगंज पुलिस ही कर रही है। अब तक एक भी नामजद आरोपी की पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। एसपी पश्चिम अनिल कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।