यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर मीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुक्लागंज के पांच केंद्रों पर शुरू होगा। हाईस्कूल व इंटर के 3546 परीक्षार्थी इस बार परीक्षा में शामिल होंगे। सोमवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र केंद्रों पर पहुंच गए हैं, जिन्हें स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के बीच रखा गया है।
राजधानी मार्ग स्थित ओम प्रकाश ज्वालादेवी इंटर कॉलेज, कंचन नगर स्थित महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज, गंगा नगर स्थित गंगा प्रसाद महते सरस्वती विद्या मंदिर, गोपीनाथपुरम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज व पोनी रोड स्थित डॉ. लोहिया स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सोमवार को परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था के साथ अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए कड़ी चौकसी रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से सभी केंद्रों पर परीक्षा के दौरान निगरानी की जाएगी।