कानपुर में रावतपुर के मसवानपुर में डेढ़ माह पूर्व घर में घुसकर 58 वर्षीय उमा की हत्या कर 24 लाख के गहने लूटने के मामले में खुलासे के लिए पुलिस मृतका के बेटे और पति का नार्को टेस्ट करवाएगी। पुलिस के शक की सुई उमा के बड़े बेटे अमरीश पर टिकी है। पुलिस को यह भी संदेह है कि उमा के पति शिवमंगल भी वारदात से वाकिफ हैं, लेकिन बेटे को बचाने के लिए वह चुप्पी साधे हैं।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि शनिवार को शिवमंगल और अमरीश से नार्को टेस्ट के लिए सहमति पत्र भरवाया जाएगा। इसके बाद दोनों को गाजियाबाद ले जाकर टेस्ट कराया जाएगा। इससे हत्या में अमरीश का हाथ है कि नहीं जल्द स्पष्ट हो जाएगा। बता दें कि एक सितंबर की रात पुस्तक विक्रेता शिवमंगल की पत्नी उमा का शव कुर्सी पर मिला था।