कानपुर के रावतपुर और गोविंदनगर थानाक्षेत्र में दो युवकों ने फंदा लगाकर जान दे दी। काकादेव के एम ब्लॉक निवासी सिलाई का काम करने वाले दुर्गा प्रसाद का इकलौता बेटा हिमांशु गौतम (19) बिल्हौर के एक निजी कॉलेज से बीटेक कर रहा था। मामा रोहित गौतम ने बताया कि 15 अगस्त की रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया। शनिवार की सुबह मां सुमन जगाने पहुंची तो उसका शव फंदे से लटक रहा था।
रावतपुर थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। वहीं, गोविंदनगर थानाक्षेत्र के कच्ची बस्ती कबीरनगर निवासी अंशू (25) ने गुरुवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। बड़े भाई आकाश ने बताया कि वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पुलिस के अनुसार तीन महीने में माता-पिता की माैत के बाद से अवसाद में चल रहा था। गोविंदनगर थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि भाई आकाश पहुंचा तो घर के अंदर पेड़ से उसका शव लटका मिला।