रक्षाबंधन पर शनिवार को दो महिलाओं की हादसों में माैत हो गई। दोनों ही महिलाएं फतेहपुर की निवासी थीं। एक महिला की कानपुर राखी बांधने आते समय तो दूसरी की राखी बांधकर लाैटते समय हादसे में जान चली गई। पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम कराकर दोनों शव परिजनों को साैंप दिए।
कोयलनगर में बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की माैत, पति घायल
जिला फतेहपुर के औंग निवासी मिठाई व्यापारी शुभम गुप्ता शनिवार की रात करीब 8:30 बजे पत्नी शालिनी गुप्ता (35) को लेकर बाइक से गुजैनी के रविदासपुरम स्थित ससुराल जा रहे थे। नौबस्ता क्षेत्र में कोयलानगर में रामादेवी की ओर से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस दंपती को टक्कर मारकर भाग गई। इससे दंपती सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। राहगीरों ने दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमाॅर्टम हाउस में महिला के चाचा राजू गुप्ता ने आरोप लगाया कि बस किसी भाजपा नेता की है।
घटना की जानकारी देते शालिनी के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
17 फरवरी 2025 को शालिनी की शादी हुई थी। वह दो भाई ऋषि और नितिन में बड़ी थी। आरोप था हादसे के बाद पुलिस ने देर रात 12:30 बजे शव पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवाया लेकिन पंचनामा के कागजात रविवार दोपहर एक बजे के बाद पहुंचाए। नौबस्ता थाना प्रभारी शरद तिलारा ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उमा शर्मा की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
गुजैनी में दो बाइकों की भिड़ंत, महिला की जान गई
गुजैनी में दो बाइकों की भिड़ंत में महिला की माैत हो गई। जिला फतेहपुर के थाना बिंदकी के ग्राम अमौली निवासी फर्नीचर कारीगर अमरेश शर्मा ने पोस्टमाॅर्टम हाउस में बताया कि रक्षाबंधन पर उनकी पत्नी उमा शर्मा (46) बेटे शिवम के साथ बाइक से गुजैनी के बर्रा आठ गईं थी। यहां साले दिनेश को राखी बांधने के बाद वह बेटे के साथ शाम करीब 7:30 बजे घर लौट रही थीं। ओरियारा चौराहे के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने सीधे बेटे की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी उछलकर सीधे सिर के बल गिरीं और बेहोश हो गईं। बेेटे के हाथ और पैर पर चोट लगी है। पुलिस ने पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उमा को मृत घोषित कर दिया। तीन बेेटे शिवम, रामजी व शिब्बू हैं। गुजैनी थाना प्रभारी अमरनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे दिखवाए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।