कानपुर मेट्रो का निर्माण कार्य
- फोटो : amar ujala
कानपुर में भूमिगत मेट्रो निर्माण के लिए तुर्की की कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित दो सदस्यों ने शहर में डेरा डाल दिया है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद कुमार से मुलाकात की।
इसके बाद चुन्नीगंज से नरोना चौराहे तक भूमिगत टनल और चार भूमिगत मेट्रो स्टेशनों के निर्माण के लिए सर्वे शुरू किया। अप्रैल से भूमिगत निर्माण शुरू करने की तैयारी की जा रही है। यूपीएमआरसी ने मकरावटगंज मैदान में सीसामऊ नाले के पास से चुन्नीगंज, माल रोड होते हुए नरोना चौराहे तक भूमिगत मेट्रो टनल और चार मेट्रो स्टेशनों के निर्माण, फिनिशिंग का ठेका तुर्की की कंपनी गुलेरमार्क को दिया है।
इस कार्य की अनुमानित लागत 1050 करोड़ रुपये है। इस भूमिगत रूट में चार मेट्रो स्टेशन (चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा और नरोना चौराहे पर नयागंज मेट्रो स्टेशन) बनेंगे। गुलेरमार्क कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित दो सदस्य 18 मार्च को कानपुर आ गए।
मकरावटगंज में सीसामऊ नाले के पास स्थित बीआईसी की जमीन से भूमिगत मेट्रो टनल का निर्माण शुरू होना है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने आईआईटी से मोतीझील होते हुए बृजेंद्र स्वरूप पार्क तक चल रहे एलीवेटेड मेट्रो निर्माण कार्य को देखने के बाद भूमिगत रूट के लिए सर्वे शुरू किया। यूपीएमआरसी ने माल रोड में चुन्नीगंज से नरोना चौराहे तक बिजली के तार, पोल, संचार कंपनियों के केबिल, पाइप लाइन आदि शिफ्ट करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखा है।