हादसे के दौरान चालक की किस्मत अच्छी रही और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, सड़क के बीचों-बीच ट्रक पलटने और भूसी बिखरने के कारण कानपुर-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आधे घंटे तक वाहनों का लंबा जाम लग गया, जिससे चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पहिया फटने से अनियंत्रित हुआ ट्रक, दूसरी लेन में जाकर पलटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद के बिंदकी गांव निवासी जितेंद्र पुत्र बाल गोविंद ट्रक में भूसी लादकर बिंदकी से कानपुर की ओर जा रहे थे। शुक्रवार शाम करीब 06:00 बजे जैसे ही वह महाराजपुर के नरवल मोड़ के पास पहुंचे, तभी अचानक ट्रक का दाहिना पहिया तेज आवाज के साथ पंचर होकर फट गया। पहिया फटते ही चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन में सड़क पर जा पलटा।
हाईवे पर पलटा भूसी लदा ट्रक
- फोटो : amar ujala
पुलिस ने सड़क से हटवाई भूसी, आधे घंटे बाद बहाल हुआ यातायात
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डायल-112 पीआरवी पुलिस बल तुरंत पहुंच गया। गनीमत यह रही कि जिस समय ट्रक पलटा, उस दौरान आसपास से कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
पुलिसकर्मियों ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर बिखरी भूसी और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को एक तरफ करवाया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बहाल कराया जा सका। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पहिया फटने को हादसे की वजह बताया गया है, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।