कानपुर के ग्वालटोली के अहिराना में ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर संदीप गुप्ता की पत्नी स्वाती (26) ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त उनकी बड़ी ननद घर पर मौजूद थीं। मूलरूप से मैनपुरी के हाजीपुर नेरा गांव निवासी अभिषेक की बहन स्वाती की शादी मई 2018 में संदीप गुप्ता से हुई थी।
एक डेढ़ साल की बेटी है। संदीप जनरलगंज स्थित एक कपड़े की फर्म में काम करता है। अभिषेक का आरोप है कि शादी के बाद से ही स्वाती की ननद ने सारे जेवर अपने पास रख लिए थे। जेठ राजीव ने भी पैतृक जमीन पर कब्जा कर रखा था। वह न तो राशन देता था और न ही रुपये।
जिसके चलते वह अपनी बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित रहती थी। ससुरालवाले भी उसे काफी प्रताड़ित करते थे। बुधवार को भी पति-पत्नी में कहासुनी हुई। पति के काम पर जाने के बाद उसने फंदे से लटककर जान दे दी। ग्वालटोली इंस्पेक्टर केके दीक्षित ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।