हरदोई जिले के भरावन थानाक्षेत्र में अतरौली के ग्राम गड़रियाखेड़ा स्थित जगरानी ईंट भट्ठा पर चिमनी के अंदर ट्रैक्टर बैक करते समय दर्दनाक हादसा हुआ। यहां ट्रैक्टर चढ़ने से अधेड़ महिला की मौत हो गई। मौके पर चालक ट्रॉली छोड़ ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार ग्राम सांडा दखिलौल मजरा गड़रियाखेडा निवासी कमला (55) पत्नी मंगू गांव स्थित ही जगरानी ब्रिक फील्ड पर मजदूरी करती थी। रोज की भांति गुरुवार को कमला भट्ठे पर मजदूरी करने गई थी। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कमला चिमनी के किनारे कच्ची ईंट लगा रही थी, उसी समय ट्रैक्टर ट्रॉली पर कच्ची 4 हजार ईंट लेकर ड्राइवर सुशील पहुंच गया।
ट्रैक्टर बैक करने के दौरान पीछे खड़ी महिला मजदूर कमला के ऊपर से ट्राली का पिछला पहिया गुजर गया। जिससे कमला की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर सुशील ने आनन-फानन में ट्राली को ट्रैक्टर से अलग करते हुए ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। मृतका के पति मंगू ने बताया कि दो पुत्रियां हैं जिसमें एक मूकबधिर है। थाना प्रभारी सोनू राजौरा ने बताया कि भट्ठा मोलहे प्रसाद लोधी का है।