महोबा में क्रशर प्लांट लगाने का झांसा देकर प्रयागराज के जालसाज ने फिरोजाबाद के व्यापारी से 50 लाख रुपये ठग लिए। बुधवार को व्यापारी ने जालसाज को कानपुर बुलाकर पकड़वा दिया। आरोपी के बहकी-बहकी बातें करने पर पुलिस ने उसे गुरुवार को छोड़ दिया। फिरोजाबाद नई बस्ती निवासी राजकुमार के भांजे रावतपुर केशवपुरम में रहते हैं। उन्होंने बताया कि करेली प्रयागराज निवासी युवक से एक परिचित के माध्यम से मुलाकात हुई।
शातिर ने महोबा कबरई में क्रशर प्लांट लगाने का सुझाव दिया। छह महीने पहले उन्होंने और दोस्त बृजेंद्र सिंह ने तीन बार में 50 लाख रुपये दे दिए। जब उससे क्रशर प्लांट के बारे में पूछा तो गोल-गोल जवाब देने लगा। पैसा भी वापस नहीं दे रहा था। इसके बाद उसे बातों में फंसाकर भांजे के घर बुलाया। उसने कहा कि कहीं से एक हजार करोड़ रुपये आने वाला है। उसी से सबका भुगतान कर देंगे। उसकी बातें सुनकर पुलिस से पकड़वा दिया।
थाने में पुलिस से भी इस तरह की बहकी बहकी बातें करने लगा। पुलिस ने उसे दिमागी रूप से कमजोर समझकर 22 घंटे बाद छोड़ दिया। शातिर ने अपने चेक दिए कि जल्द भुगतान कर देंगे। रावतपुर थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लिया गया था। उसने पैसा देने का आश्वासन दिया है इसलिए उसे छोड़ दिया गया।