64 एनएबीएल मानकों के अनुरूप परीक्षण किए जाएंगे
यह अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ तकनीशियनों से लैस होगी। नई लैब में 64 एनएबीएल मानकों के अनुरूप परीक्षण किए जाएंगे। इसमें वस्त्रों की तन्यता, आंसू सीम शक्ति, बर्स्ट शक्ति, घर्षण एवं फिसलन प्रतिरोध, वायु पारगम्यता तथा फाइबर शक्ति जैसे भौतिक परीक्षण किए जाएंगे। इसके अलावा पीएच मान, धुलाई, पसीना और रगड़ के दौरान रंग स्थिरता, ज्वलनशीलता, जल विकर्षण और मेल्ट फ्लो जैसे रासायनिक परीक्षण भी किए जा सकेंगे।
सेना के यूजर ट्रायल में पहुंचे तीन नए जूते
ओईएफ ने सेना की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तीन नए प्रकार के जूते विकसित किए हैं। इनमें सेना की वर्दी के रंग से मेल खाने वाला ग्रीन लेदर हाई एंकल जूता, उन्नत संस्करण वाला ब्लैक हाई एंकल लेदर बूट तथा पथरीले, कीचड़युक्त और दुर्गम इलाकों के लिए तैयार स्यूड लेदर बूट शामिल हैं। इन तीनों उत्पादों को सेना ने पसंद किया है और मंजूरी के बाद उनका यूजर ट्रायल शुरू कर दिया गया है।
आयुध उपष्कर निर्माणी कानपुर में नई अत्याधुनिक लैब बनने के बाद कपड़ा, चमड़ा और मेटल से जुड़े सभी उत्पादों का शत-प्रतिशत परीक्षण यहीं किया जा सकेगा। इससे बाहरी लैबों पर निर्भरता खत्म होगी। निजी कंपनियों को भी परीक्षण की सुविधा मिलेगी। सेना के लिए विकसित नए जूतों का यूजर ट्रायल भी शुरू हो चुका है और सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। -डॉ. अनिल रंगा, मुख्य महाप्रबंधक, आयुध उपष्कर निर्माणी, कानपुर