स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी है। पुलिस आयुक्त के निर्देशों पर शहर में पिछले तीन दिनों से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के सभी प्रवेश द्वारों, जनपद की सीमाओं और प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने सख्त नाकाबंदी कर रखी है, जहाँ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन तलाशी ली जा रही है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में एलआईयू सतर्क
सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए शहर के प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मॉल और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीमें लगातार संवेदनशील स्थानों की जांच कर रही हैं।
होटल और धर्मशालाओं को सख्त निर्देश
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों ने शहर के होटल, सराय और धर्मशाला प्रबंधकों के साथ बैठक कर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नए या संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने पर उसकी आईडी की जांच की जाए और ज़रा सा भी संदेह होने पर तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाने को सूचित करें।