रावतपुर के धामीखेड़ा में नशे के लती युवक ने लगाया फंदा
रावतपुर थाना क्षेत्र के धामीखेड़ा निवासी सर्वेश कुशवाहा के इकलौते बेटे अभय (26) ने देर रात कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार अभय सब्जी का ठेला लगाता था और नशे का आदी था। इसी वजह से घर में अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार शाम वह नशे की हालत में घर पहुंचा, जिस पर पिता से कहासुनी हो गई। इसके बाद देर रात उसने कमरे में फंदा लगा लिया। बुधवार सुबह करीब नौ बजे तक कमरे से बाहर न निकलने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो उसका शव फंदे से लटका मिला।
चकेरी मे युवक ने दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मूल रूप से बांदा के गिरवां निवासी परमलाल सैनी का बड़ा बेटा श्याम (23) पिछले 12 वर्षों से चकेरी के काजीखेड़ा, लाल बंगला में किराये पर रहकर फूल बेचने का काम करता था। देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मकान मालकिन आशा सैनी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मां से विवाद के बाद दुधिया ने उठाया आत्मघाती कदम
सचेंडी थाना क्षेत्र के रूद्रपुर निवासी प्रेम कुमार यादव (33) दूध का काम करते थे। परिवार में पिता रामऔतार यादव, मां जयश्री और तीन भाई हैं। भाई राहुल ने बताया कि प्रेम कुमार शराब के आदी थे और 24 जून से अत्यधिक शराब पी रहे थे। मंगलवार दोपहर नशे की हालत में घर आने पर मां ने विरोध किया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद देर शाम प्रेम कुमार ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।