कानपुर के बिल्हौर में कुएं में गिरी भैंस को निकालने के लिए कुएं में उतरे दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। उसे हैलट में भर्ती कराया गया है। यह दर्दनाक हादसा मोदनीपुर ग्राम पंचायत के गौरी गांव में हुआ। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया। साथ ही मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की मदद की घोषणा की है।
गौरी गांव निवासी मेवालाल की भैंस रविवार शाम करीब सात बजे एक कुएं में गिर गई। उसे निकालने के लिए मेवालाल के भाई रामकुमार के बेटे शैलेंद्र (20) और योगेंद्र (21) कमर में रस्सी बांधकर कुएं में उतरे। काफी देर तक उनके वापस नहीं आने पर अनहोनी की आशंका पर पड़ोस के रहने वाले प्रदीप (25), रामबहादुर फिर कुछ देर बाद गुड्डू भी कुएं में उतरा।
कुएं में आधा नीचे जाते ही नीचे चार लोगों को बेदम पड़ा देख गुड्डू ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने उसे बाहर खींच लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस और दमकल को दी। लेकिन पुलिस और दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कटिया के सहारे रामबहादुर, योगेंद्र, शैलेंद्र और प्रदीप को बाहर निकाला।
रात करीब 9.40 बजे तीनों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में उपचार के दौरान शैलेंद्र, योगेंद्र और प्रदीप ने दम तोड़ दिया। वहीं राम बहादुर की हालत गंभीर बनी हुई है। मेवालाल ने बताया कि शैलेंद्र और योगेंद्र सगे भाई और रिश्ते में उसके भतीजे हैं।