शहर की सड़कों पर काल बनकर दौड़ रहे डंपरों की वजह से लोगों की जान जाने का सिलसिला जारी है। शनिवार को चचेरे भाई के साथ गल्ला मंडी गए मर्चेंट नेवी के अधिकारी की बाइक को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में अधिकारी की मौत हो गई जबकि चचेरा भाई अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। जिला फतेहपुर के थाना कल्याणपुर क्षेत्र के पालीखेड़ा मौहार गांव निवासी बृजेंद्र सिंह (26) कोचीन में मर्चेंट नेवी में थर्ड क्लास ऑफिसर के पद पर तैनात थे। परिवार में बड़ा भाई धीरेंद्र सिंह, मां ललिता है। पिता रमेश सिंह किसानी करते थे। बृजेंद्र की चार वर्ष पहले नौकरी लगी थी।
मामा विजय बहादुर ने बताया कि शनिवार को बृजेंद्र अपने चचेरे भाई शिवम के साथ किसी जरूरी काम से गल्लामंडी गए थे। यहां से वह लोग घर लौट रहे थे। बाइक शिवम चला रहा था और बृजेंद्र सिंह पीछे बैठ थे। उसी दौरान सेन पश्चिम पारा क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर काफी दूर जा गिरे। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हैलट पहुंचाया, जहां बृजेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं, शिवम का इलाज चल रहा है।