नवाबगंज थानाक्षेत्र में रविवार देर शाम बंद पड़े घर में एक होटलकर्मी का शव पड़ा मिला। कमरे से दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौसेरे भाई की मौजूदगी में पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो शव बेड पर पड़ा मिला। फॉरेंसिक टीम ने कमरे में साक्ष्य जुटाए। परिजनों के अनुसार अवसाद में रहने के कारण युवक परिवार से अलग रह रहा था।
मैनावती मार्ग निवासी विशाल जोयल (48) कुछ समय पहले एक होटल में मैनेजर था। कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। नौकरी की तलाश करते-करते वह अवसाद में चला गया। पत्नी रितु ने बताया कि पति विशाल अलग और वह बेटे एलन के साथ अलग रह रही थी। मृतक की मां वीरा और छोटा भाई सचिन लखनऊ में रहते हैं। बताया कि एक माह पहले ही उनकी एक होटल में नौकरी लगी थी। तीन दिन से न दिखने पर मकान मालिक को शंका हुई। विशाल के कमरे के बाहर पहुंचे तो अंदर से दुर्गंध आ रही थी।