पुलिस द्वारा पकड़े गए चेन लुटेरे और सराफ
- फोटो : अमर उजाला
रतनलालनगर में सरेराह महिला से चेन लूट करने वाले तीन लुटेरों और चोरी की चेन खरीदने वाले सराफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। गोविंदनगर पुलिस ने आरोपियों को सोमवार को झांसी रेलवे लाइन अंडरपास के पास से पकड़ा है। इनमें रमईपुर निवासी साहिल, सचेंडी के भीमसेन गांव का भानु कमल, रवि और गोविंदनगर एल-ब्लॉक निवासी सराफ दिनेश कुमार बाजपेयी हैं। इनके पास से पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई बाइक, रुपये, लॉकेट और तमंचा बरामद किया। आरोपियों ने ही 25 सितंबर को रमईपुर में भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि पांच अक्तूबर को दबौली निवासी नागेंद्र गुप्ता की पत्नी ज्योति की बाइक सवार तीन लुटेरों ने चेन लूट ली थी। बदमाशों की तलाश में जुटी गोविंदनगर पुलिस ने 260 सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पुलिस को रमईपुर निवासी साहिल का पता चला। इसके बाद अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। भानु कमल और रवि एक गांव के हैं। रवि की बहन की ससुराल रमईपुर में है। वहीं, आने-जाने के दौरान तीनों की दोस्ती हुई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के वक्त बाइक साहिल चला रहा था। बीच में बैठे भानु ने चेन तोड़ ली थी। इस चेन को एक अन्य दोस्त कंचन की मदद से नयागंज के सराफ दिनेश के पास 14 हजार रुपये में बेचा था। बाइक साहिल के पिता की है और घटना के वक्त उसे साहिल ही चला रहा था। आरोपी रवि पॉक्सो और दुष्कर्म के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।