नौबस्ता पुलिस ने सोनभद्र जेल में बंद अधिवक्ता दीनू उपाध्याय के गुर्गे गोपाल सिंह, उसके पिता तारा सिंह और साथी सलमान को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ दो पीड़ितों ने मई में नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सभी को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। 16 मई को यशोदानगर निवासी बृजराज सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि दीनू, उसका साथी अरिदमन गोपाल सिंह, उसका पिता तारा सिंह आदि ने गैंग बनाकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसे बेच डाला।
मामले की जांच में आरोप सही पाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, सरकारी संपत्ति कब्जाने, रंगदारी मांगने आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। वहीं, 21 मई को बर्रा छह हरी मस्जिद निवासी कासिम रजा ने नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अनुसार जमीन खरीदने के सिलसिले में उनकी मुलाकात वर्ष 2010 में रामप्रताप सिंह, उसके भाई राजा सिंह व दामाद अधिवक्ता अरिदमन सिंह से हुई थी। इन लोगों ने बूढ़पुर मछरिया निवासी भतीजे गोपाल सिंह की जमीन बेचने की बात कही थी। चार लाख में सौदा तय होने पर उन्होंने सन 2011 में रुपये देकर रजिस्ट्री करा ली।
सन 2012 में पता चला कि राज्य सरकार की जमीन को रामप्रताप सिंह, अरिदमन, गोपाल सिंह, उसके पिता तारा सिंह आदि ने फर्जी दस्तावेज के सहारे मालिकाना हक दिखाते हुए बेचा था। छोड़ने के एवज में तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी। एक लाख रुपये लेने के बाद सादे कागज पर हस्ताक्षर कराकर दो लाख रुपये की मांग की। मामले की विवेचना में सलमान का नाम सामने आया था।