कानपुर में दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में सुलह के बावजूद कुछ कागजी कार्रवाई बाकी रह गई। इसी बीच पति सऊदी अरब चला गया जिस कारण मुकदमा लंबित था। पति ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से उसकी गवाही कराने की अनुमति मांगी, जिसे हाईकोर्ट ने मंजूर कर लिया। इसी आदेश के तहत बुधवार को पति की वीडियो कांफ्रेंसिंग से गवाही हुई।
कर्नलगंज निवासी मुस्लिम महिला का निकाह चार दिसंबर 2023 को अनस मोहम्मद से हुआ था। निकाह के एक साल के भीतर ही पति-पत्नी का विवाद शुरू हो गया। पत्नी ने पति के खिलाफ बेकनगंज थाने में दहेज उत्पीड़न, मारपीट व मुस्लिम महिला अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में चार्जशीट भी दाखिल हो गई थी। तभी दंपती में समझौता हो गया।