बिल्हौर में शिवराजपुर कस्बे के जवाहर नगर में रविवार देर रात घर में दंपती के बीच हुए विवाद के बाद पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पति ने खुद शिवराजपुर थाने पहुंचकर जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेने के बाद मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि बर्राजपुर कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ला निवासी रामनाथ दीक्षित के मकान में प्राइवेट स्कूल के शिक्षक कादिर व पत्नी फरजाना (35) के साथ किराए पर रहते हैं। रविवार की रात लगभग 11 बजे कादिर ने थाने आकर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इतना कहते ही कादिर गश खाकर गिर पड़ा। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां फरजाना का शव कमरे में जमीन पर पड़ा था।
मौके पर मिले अभिलेखों में पाया गया कि कादिर मूल रूप से मुस्करा जिला हरदोई का रहने वाले हैं, जबकि फरजाना का मायका गुरुदासपुर पंजाब में हैं। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि खाना बनाने के दौरान दंपती में कहासुनी सुनी हुई, लेकिन देर रात हो जाने के कारण किसी ने ध्यान नहीं दिया।
थानाध्यक्ष के मुताबिक फोरेंसकि टीम के आने पर ही शव मौके से हटाया जाएगा, घटना के बाद आरोपी पति कादिर की मानसिक हालत बिगड़ने से वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। हत्या क्यों और कैसे की गई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दंपती के कोई संतान अभी नहीं है। लगभग एक वर्ष से दोनों यहां किराए पर कमरा लेकर रह रहे हैं। उधर, हत्या की सूचना मिलने पर बिल्हौर के सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार ने फोर्स के साथ पहुंचकर जांच पड़ताल की।