पनकी में फर्जी पते पर एक फर्म बनाकर प्रोपराइटर ने लगभग 56 लाख की टैक्स चोरी कर ली। फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर की तहरीर पर फर्म के खिलाफ पनकी थाने में रविवार को रिपोर्ट दर्ज की है।
जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर सुषमा सिंह ने बताया कि गगौली गंगाघाट नेहरूनगर निवासी अनुराग शुक्ला ने पनकी की काशीराम कॉलोनी के फर्जी पते पर मारुति ट्रेडर्स नाम की फर्म का रजिस्ट्रेशन कराया।
फर्म के जरिये वर्ष 2022-23 में तीन करोड़ आठ लाख 94 हजार का टर्नओवर किया गया लेकिन फर्म प्रोपराइटर अनुराग ने 55 लाख 60 हजार का जीएसटी भी नहीं जमा की। जीएसटी जमा न होने पर अधिकारियों ने फर्म के लिखित पते पर जांच की तो वहां पर फर्म फर्जी है। इसके बाद असिस्टेंट कमिश्नर ने पनकी थाने में प्रोपराइटर के खिलाफ तहरीर दी। पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।