कानपुर में नौबस्ता फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एलपीजी भरे टैंकर का टायर फटने से टैंकर डिवाइडर तोड़ता हुए दूसरी लेन की बाउंड्री वॉल से टकरा गया। घटना में चालक मामूली रूप से घायल हो गया। फ्लाईओवर पर हुए हादसे से यशोदा नगर से लेकर रामादेवी तक तीन घंटे तक हाईवे पर जाम लग गया।
यातायात पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद किसी तरह टैंकर को बीच सड़क से हटवा कर यातायात सुचारु कराया। दोपहर एक बजे इंडेन गैस का टैंकर वाराणसी जा रहा था। आजमगढ़ ककरहटा निवासी टैंकर चालक आशीष गौड़ ने बताया कि नौबस्ता फ्लाईओवर पर अचानक आगे वाला टायर तेज धमाके के साथ फट गया।