कानपुर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट का परिणाम रविवार को घोषित हुआ है। इसमें शहर के अमित निरंजन ने 9वीं बार 9वें विषय में उत्तीर्ण होने का रिकाॅर्ड बनाया है।
वहीं, सीएसजेएमयू, वीएसएसडी और डीबीएस कॉलेज के परीक्षार्थियों ने नेट में बाजी मारी है। क्राइस्ट चर्च कॉलेज के पूर्व छात्र शार्दुल गुप्ता ने दूसरी बार में नेट जेआरएफ क्वालीफाई किया है। उनको 99.99 पर्सेंटाइल मिला है।
शहर के शिक्षाविद् अमित निरंजन ने इस बार इंडियन नाॅलेज सिस्टम विषय से नेट उत्तीर्ण किया है। उनको 87.86 पर्सेंटाइल मिला है। उन्होंने बताया कि उन्हें 9वीं बार नवें विषय में सफलता मिली है। इससे पहले कामर्स, अर्थशास्त्र, मैनेजमेंट, शिक्षाशास्त्र, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, प्रौढ़ शिक्षा, पर्यटन प्रशासन एवं प्रबंधन में भी वह सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
वहीं, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के 50 छात्रों ने यूजीसी नेट की परीक्षा पास की है । इसमें से 10 विद्यार्थियों ने जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय की डीन अकादमिक प्रोफेसर ब्रिष्टी मित्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय कैंपस में विभाग वार यूजीसी नेट की तैयारी के लिए काउंसलिंग एवं परीक्षा की बेहतर तैयारी के बारे में प्रशिक्षण भी दिया गया था ।
वीएसएसडी काॅलेज के प्राचार्य प्रो. बिपिनचंद्र कौशिक ने बताया कि आठ विद्यार्थियों ने अपनी सफलता की जानकारी साझा की है। इसमें अंग्रेजी विषय से सोनी यादव, यशिका वाजपेयी और वंशली तिवारी ने सफलता पाई है। सैन्य एवं रक्षा रणनीति अध्ययन विषय से हर्षित भारद्वाज, हिंदी से रेनू गौतम, अर्थशास्त्र से ऋतिक सिंह रावत और शारीरिक शिक्षा विषय से निष्ठा जैन व अभिषेक मिश्र सफल हुए हैं।
डीबीएस काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. अनिल मिश्र ने बताया कि छह विद्यार्थियों ने सफल होने की सूचना दी है। जिसमें अंग्रेजी विषय से साक्षी अवस्थी, रजिया सुल्ताना, इतिहास से विकास वर्मा, कौशलेंद्र, अंकित सिंह चौहान, साक्षी, सृष्टि सिंह, प्रज्ञा वर्मा सफल हुई हैं।