हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा गुरुवार को घर की तीसरी मंजिल से कूद गई। परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा के परिजनों ने सहपाठी के परिजनों पर धमकाने का आरोप लगाया है।
हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के रहने वाले दूध डेयरी व्यापारी की 17 वर्षीय बेटी एक निजी कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। हाल ही में उसने 89 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा पास की थी। परिजनों ने बताया कि वह पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी करती थी। परिजनों का कहना है कि साथ तैयारी कर रहे छात्रों ने एक ग्रुप बना रखा था। गुरुवार को बेटी ने पड़ोस में रहने वाले छात्र की फोटो ग्रुप में डाल दी। युवक ने अपने परिजनों से शिकायत कर दी।
इस पर बेटी जब कोचिंग से वापस लौटी तो पड़ोसियों ने उसे जिंदगी खराब करने की धमकी दे डाली। क्षुब्ध होकर उनकी बेटी ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के वक्त वह अपनी दुकान में बैठे हुए थे। परिजनों ने उसे गंभीर हालात में हैलट में भर्ती कराया जहां शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। हनुमंत विहार थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह के अनुसार परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।