कर्नलगंज थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान आरोपियों ने युवक को रोककर जमकर पीटा। बचाने पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने घर पर पथराव कर घर तोड़फोड़ करने लगे और महिलाओं से छेड़छाड़ की। पुलिस ने कुल 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
फीलखाना के पटकापुर निवासी महिला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी बहन के घर छह जुलाई को कर्नलगंज के छिपयाना में शादी समारोह में आई थीं। देर रात अपने भतीजे और घर की लड़कियों के साथ माठू वाली गली से निकल रही थीं। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे चूड़ी मोहाल के मतीन, हसीन, आफताब, मुन्ना छंगा का भाई और 6-7 अज्ञात लोगों ने भतीजे को रोककर लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटने लगे। इससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान उसकी जेब में रखा पर्स, आधार और 1700 रुपये गिर गए।
शोर सुन बड़ा भतीजा, और पड़ोसी पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में कई लोगों को चोटें आ गईं। पुलिस ने उपचार के लिए उर्सला भेजा। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनकी बहन के घर में पथराव कर दिया। फिर घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पर महिलाओं से छेड़छाड़ की। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। कर्नलगंज इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने बताया कि तहरीर पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।