कानपुर। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में बुधवार को कानपुर स्टारलेट ने नवाबगंज एथलेटिक्स को चार विकेट से और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने अशोकाज्योति को आठ विकेट से हराया। दोनों मैच अलग-अलग मैदान पर हुए।
राहुल सप्रू मैदान पर हुए पहले मैच में नवाबगंज एथलेटिक्स की पूरी टीम 34.1 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। टीम से कान्हा भाटिया ने 46 और देवांश सिंह ने 25 रन बनाए। गेंदबाजी में कानपुर स्टारलेट की ओर से गुरुविंदर सिंह, इमरान अहमद और रजल श्रीवास्तव ने दो-दो विकेट लिए। वहीं कानपुर स्टारलेट की टीम ने 26.4 ओवर में छह विकेट खोकर 137 रन बनाकर मुकाबला जीता। टीम से गुरुविंदर सिंह ने 41, श्रेयांश सिंह और धीरेंद्र ने 33–33 रन बनाए। गेंदबाजी में रेनुवेंद्र सिंह और आर्यन पाल ने दो-दो विकेट चटकाए। प्लेयर ऑफ द मैच गुरुविंदर सिंह को चुना गया।
एचएएल मैदान पर हुए दूसरे मैच में अशोकाज्योति टीम ने 18.2 ओवर में आठ विकेट खोकर 142 रन बनाए। टीम से प्रियांशु और अश्वनी सचान ने 34–34 तथा राघव अवस्थी ने 29 रन बनाए। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से गेंदबाजी में शशांक शेखर और अजय प्रताप ने तीन-तीन विकेट, जबकि निखिल विश्वकर्मा ने दो विकेट लिए। वहीं रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की टीम ने 15.2 ओवर में दो विकेट पर 143 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया। टीम से रजनीश कुमार ने 89 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। गेंदबाजी में पुनीत सिंह और ललित शर्मा ने एक-एक विकेट लिया। यह जानकारी केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।