आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी कराने के लिए सपा ने प्रशांत कुमार (पीके) की टीम को जिम्मेदारी दी है। इस टीम को विशेष टास्क दिया गया है कि सपाइयों को भाजपा के आईटी सेल की काट बताए। सोशल मीडिया पर विभिन्न मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर किस तरह जवाब दिया जाएगा, यह भी बताया जाएगा। पीके की टीम हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर सर्वे करेगी। जिलों से मिली बूथ कमेटियों, बीएलए की रिपोर्ट के आधार पर टीम ने जिलों को तीन हिस्सों में बांटा।
इनमें कानपुर महानगर औसत श्रेणी में है। गुरुवार को लखनऊ में हुई बैठक में कहा गया कि सोशल मीडिया पर विपक्षी दलों ने बहुत फर्जी अकाउंट बनाए हैं। ये अकाउंट ब्राह्मण, यादव, मुस्लिम, महिलाओं के नामों से बनाए गए हैं। पार्टी की छवि धूमिल करने के लिए इन्हीं अकाउंट से भ्रम फैलाया जाता है। सपाई ऐसे फर्जी अकाउंट वालों से सतर्क रहें। साथ ही, तार्किक तरीके से इनका जवाब दें। पीके की टीम के सदस्यों ने कहा कि जिलों में आकर इस तरह के अकाउंट से होने वाले प्रोपेगंडा से बचाव के तरीके बताए जाएंगे।