हापुड़ में चल रही 9वीं स्टेट आर्चरी प्रतियोगिता में अंबिका भट्टाचार्या ने रजत पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। कल्याणपुर आवास विकास निवासी अंबिका ने कंपाउंड वर्ग के सब जूनियर वर्ग में प्रतिभाग किया था। जूनियर वर्ग में भी अंबिका रजत पदक जीत चुकी हैं। इसी आधार पर उनका राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता मार्च में महाराष्ट्र में होगी। अंबिका अर्मापुर स्थित मैदान में राष्ट्रीय प्रशिक्षक अभिषेक कुमार से तीरंदाजी के गुर सीखती हैं।
राष्ट्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 26 से
कानपुर के कैलाशपत सिंहानिया स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से ऑनलाइन ब्रिज प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 28 फरवरी के बीच किया जाएगा। यह जानकारी आयोजक सचिव ललित कुमार खन्ना ने गुरुवार को कमला क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि विजेता को 13 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 26 जोड़े हिस्सा लेंगे। कोरोना के चलते प्रतियोगिता को पहली बार ऑनलाइन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता पहली बार 1999 में स्व. गौरहरि सिंहानिया ने अपने पिता स्व. सर पदमपत सिंहानिया की पुण्य स्मृति में आयोजित की थी। वार्ता में गजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
निखिल ने एक ओवर में झटके पांच विकेट सम्मानित
कानपुर के नाइन ए साइड क्रिकेट एसोसिएशन दिल्ली की ओर से मंगलवार को हुए दूसरे सीनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में निखिल की गेंदबाजी खूब चली। दिल्ली में खेले गए मैच में एलेन हाउस पनकी के कक्षा आठ के छात्र निखिल तिवारी ने झारखंड के खिलाफ एक ही ओवर में पांच विकेट झटके। इससे पूरी टीम 20 रन पर पवेलियन पहुंच गई। इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा प्रकाश ने बृहस्पतिवार को निखिल को सम्मानित किया।
आदर्श, शिवम ने मारा शतक, केडीएमए 194 रनों से जीता
कानपुर के काउंटी क्रिकेट क्लब की ओर से चल रही लक्ष्मी कला ट्रॉफी-2021 के अंतर्गत गुरुवार को हुए मैच में केडीएमएम की टीम ने नेशनल क्लब की टीम को 194 रनों से शिकस्त दी। पालिका मैदान में पहले बल्लेबाजी करने उतरी केडीएमए की टीम ने 35 ओवर में तीन विकेट खोकर 323 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाज आदर्श सिंह(134) व शिवम कुमार(148) ने शतक बनाया। जवाब में उतरी नेशनल क्लब की टीम 26.3 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। केडीएमए के गेंदबाज अमित कुमार ने तीन, अभिषेक, मृदुल ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं दूसरा मैच कानपुर साउथ मैदान में खेला गया। जहां पीएसी की टीम ने कानपुर साउथ की टीम को सात विकेट से हराया।
आईआईटी कैंपस ने गांधीग्राम को हराया
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से चल रही केडीएमए लीग में गुरुवार को आईआईटी कैंपस ने गांधीग्राम को हराया। रामकली मैदान में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आईआईटी कैंपस की टीम 31.5 ओवर में 113 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में उतरी गांधी ग्राम की टीम 22.1 ओवर में 106 रन पर ही ढेर हो गई। (संवाद)